
विधानसभा अध्यक्ष श्री Narendra Singh Tomar ने किया मंदिर परिसर का निरीक्षण
34.97 करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजना के तहत धार्मिक पर्यटन की आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा शनिचरा मंदिर परिसर
विधानसभा अध्यक्ष ने प्रोजेक्ट टीम एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की रूपरेखा पर किया विचार-विमर्श
जिले के प्रसिद्ध शनिचरा मंदिर को भव्य धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में शनिचरा मंदिर के समग्र विकास को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक के पूर्व श्री तोमर ने मंदिर परिसर का विस्तृत भ्रमण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं आवश्यक विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान ग्वालियर से आई प्रोजेक्ट टीम के साथ उन्होंने मंदिर परिसर के समग्र विकास की प्रस्तावित रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। प्रोजेक्ट टीम द्वारा प्रस्तुत पीपीटी के माध्यम से परिसर में प्रस्तावित विकास कार्यों एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी विकास कार्यों की आवश्यकताओं, व्यवस्थाओं एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई।
विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि मुरैना के प्रसिद्ध शनिचरा मंदिर को महाकाल लोक की तर्ज पर भव्य स्वरूप देते हुए ‘शनिलोक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए मंदिर की धार्मिक मान्यताओं, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन, स्वच्छता, सुरक्षा एवं परिसर के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने प्रोजेक्ट टीम को निर्देशित किया कि विकास योजना में प्रत्येक आवश्यक सुविधा का समुचित प्रावधान हो तथा निर्माण कार्य इस प्रकार किए जाएं कि श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुव्यवस्थित धार्मिक अनुभव प्राप्त हो सके। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से भी कहा कि विकास कार्यों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं एवं समन्वय को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में वर्षा के समय होने वाले जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए समुचित जल निकासी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश का पानी मंदिर परिसर में एकत्रित न हो, इसके लिए पूरे क्षेत्र की ड्रेनेज व्यवस्था का तकनीकी परीक्षण कर बड़े आकार की पाइपलाइन के माध्यम से पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए। पानी के बहाव को इस प्रकार व्यवस्थित किया जाए कि वर्षा के दौरान एकत्रित पानी बिना किसी अवरोध के तेजी से बाहर निकल सके।
उन्होंने मंदिर के पीछे स्थित निकास क्षेत्र के समीप भूमि को समतल कराने तथा मंदिर के आसपास आवश्यकतानुसार रिटेनिंग वॉल का निर्माण कराने के निर्देश भी दिए, ताकि भूमि का कटाव रोका जा सके और परिसर का विकास व्यवस्थित रूप से किया जा सके।
कुंड का होगा धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप विकास, भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा भी बनेगी
विधानसभा अध्यक्ष ने मंदिर परिसर स्थित कुंड के विकास को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंड से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं एवं परंपराओं को ध्यान में रखते हुए इसका प्रतीकात्मक स्वरूप में बेहतर निर्माण कराया जाए, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था के अनुरूप उसका विकास हो सके। मंदिर परिसर में दुकानों को भी निर्धारित स्थानों पर सुव्यवस्थित ढंग से स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने सीढ़ियों एवं ऊपरी निकास क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रैंप तथा आवश्यक शेड निर्माण कराने, पर्याप्त एवं स्वच्छ शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने और कथा स्थल विकसित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लेटे हुए हनुमान जी की प्रतिमा के समीप भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा स्थापित करने तथा सप्तऋषि मंडल के लिए विशेष स्थल विकसित करने की बात कही। उन्होंने इन सभी धार्मिक स्थलों का निर्माण मंदिर की मान्यताओं एवं आध्यात्मिक गरिमा के अनुरूप आकर्षक स्वरूप में करने के निर्देश दिए।
34.97 करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजना से होगा 14.61 हेक्टेयर क्षेत्र का विकास
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा शनिचरा मंदिर के समग्र विकास के लिए 34 करोड़ 97 लाख 49 हजार रुपये की विस्तृत परियोजना तैयार की गई है। भारत सरकार की PRASHAD (पीआरएएसएचएडी) योजना के अंतर्गत प्रस्तावित इस परियोजना की क्रियान्वयन अवधि 24 माह निर्धारित की गई है। मंदिर की कुल 14.61 हेक्टेयर भूमि पर विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें 3.89 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्माण एवं अन्य विकास गतिविधियां होंगी, जबकि 10.72 हेक्टेयर क्षेत्र को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित एवं संरक्षित रखा जाएगा।
परियोजना के अंतर्गत लगभग 300 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग, 500 श्रद्धालुओं की क्षमता वाली भोजनशाला, 20 प्रसाद काउंटर एवं दुकानें, विश्राम स्थल, डे-शेल्टर, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, बैठने के स्थान तथा श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सुव्यवस्थित मार्ग विकसित किए जाने प्रस्तावित हैं। इसके साथ ही स्नान कुंड, कथा स्थल, श्रीराम स्थल, सप्तऋषि मंडल चबूतरा, मंदिर का बाहरी प्रकाशीकरण, बाल, जूते एवं वस्त्र संग्रहण की सुविधा वाला सर्वसुविधायुक्त परिसर, सीसीटीवी कैमरे एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी परियोजना का हिस्सा हैं।
परियोजना के वास्तुशिल्पीय स्वरूप में क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को विशेष महत्व दिया गया है। सर्वसुविधा परिसर में शनि यंत्र की प्रतिकृति, ग्वालियर दुर्ग से प्रेरित कलात्मक रूपांकन तथा मितावली के चौसठ योगिनी मंदिर की स्थापत्य शैली से प्रेरित स्तंभ एवं अन्य वास्तु तत्व प्रस्तावित हैं।
धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
परियोजना के पूर्ण होने पर शनिचरा मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार होने के साथ मुरैना जिले में धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को भी नई पहचान मिलने की संभावना है। वर्तमान में मंदिर में प्रतिवर्ष लगभग 15 से 20 लाख श्रद्धालुओं के आगमन का अनुमान है, जो आगामी दस वर्षों में बढ़कर 30 लाख प्रतिवर्ष तक पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थित प्रवेश एवं निकास मार्ग, कतार प्रबंधन, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण, होल्डिंग एरिया तथा परिधीय पार्किंग से शटल सेवा जैसी व्यवस्थाएं भी प्रस्तावित हैं।
शनिचरा मंदिर के आसपास बटेश्वर मंदिर समूह, पढ़ावली, मितावली का चौसठ योगिनी मंदिर, ककनमठ मंदिर, राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य एवं सबलगढ़ किला जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल स्थित हैं। इन स्थलों को धार्मिक पर्यटन के साथ जोड़कर मुरैना जिले को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। परियोजना के निर्माण के दौरान प्रतिदिन औसतन 140 व्यक्तियों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने तथा संचालन के दौरान सुरक्षा, पार्किंग, दुकानों, साफ-सफाई, उद्यानिकी एवं प्रशासनिक गतिविधियों में लगभग 120 व्यक्तियों को प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध होने का अनुमान है।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, वनमंडलाधिकारी मुरैना श्री हरिश्चंद्र बघेल सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर के समग्र विकास एवं प्रस्तावित सुविधाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विचार-विमर्श किया।
Keep reading
More from More News

More News
रुस्तमजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरजेआईटी) में अभिभावकों एवं शिक्षकों के मध्य संवाद स्थापित करने की अनूठी पहल
Newsroom Owner / Nov 18, 2026

More News
शहीद सुशील शर्मा फाउंडेशन द्वारा बाल दिवस पर ड्राइंग पेंटिंग निबंध प्रतियोगिता आयोजित
Newsroom Owner / Nov 14, 2026

More News
माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी खराबी से दुनियाभर में हड़कंप, Outlook और Teams समेत कई सेवाएं प्रभावित विशेष टेक्नोलॉजी
Newsroom Owner / Nov 14, 2026